बालोद। जिले में आम जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने “सही दवा शुद्ध आहार, छत्तीसगढ़ का यही आधार” अभियान के तहत 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों, होटल संचालकों और खाद्य विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है।प्रशासन की टीम लगातार जिले के मेडिकल स्टोर्स, अस्पतालों, होटल-रेस्टोरेंट, जूस सेंटरों और डेयरी प्रतिष्ठानों में पहुंचकर जांच कर रही है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों तक सुरक्षित दवाएं और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचाना है।

जांच के दौरान मेडिकल स्टोर्स और अस्पतालों में वैक्सीन कोल्डचेन व्यवस्था, दवाओं की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर और एक्सपायरी दवाओं की विशेष निगरानी की जा रही है। वहीं खाद्य प्रतिष्ठानों से दूध, मिठाई, मसाले, जूस और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर परीक्षण हेतु भेजे जा रहे हैं।इसके अलावा कॉस्मेटिक दुकानों में भी सौंदर्य प्रसाधनों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड और गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, ताकि नकली और बिना मानक वाले उत्पाद बाजार में न बिक सकें।प्रशासन ने साफ किया है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बालोद जिले में चल रहा यह अभियान आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है, क्योंकि अब मिलावटी खाद्य पदार्थों और घटिया दवाओं पर लगाम कसने की तैयारी प्रशासन ने कर दी है।

More Stories
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान, सुनील शर्मा ने QR कोड और ‘सेल्फी फ्रेम’ से की शुरुआत
कन्या शाला घरघोड़ा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; छात्राओं ने थामा तिरंगा दिया स्वच्छता का संदेश