बालोद
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने आज बालोद जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला एवं सत्र न्यायालय का औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन से न्यायालय परिसर में दिनभर हलचल और उत्साह का माहौल बना रहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय, अतिरिक्त न्यायाधीश (पॉक्सो) न्यायालय समेत विभिन्न कोर्ट कक्षों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने न्यायिक कार्यप्रणाली, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में स्थापित डिजिटल एवं स्कैनिंग कक्ष, सर्वर रूम और तकनीकी संसाधनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात कर न्यायालय संचालन, अधिवक्ताओं की समस्याओं और न्यायिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।जिला न्यायालय पहुंचने पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्याम लाल नवरत्न, अन्य न्यायाधीशों तथा जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य न्यायाधीश का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्य न्यायाधीश के इस दौरे को न्यायिक व्यवस्थाओं की समीक्षा और सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर में बेहतर सुविधा, समयबद्ध न्याय प्रक्रिया और सुचारू प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।








More Stories
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला भाजपा की कामकाजी बैठक संपन्न
सुशासन तिहार 2026: बालोद जिला पूरी तरह तैयार, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
बालोद में स्वास्थ्य सुरक्षा पर सख्ती: नकली दवा और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन का शिकंजा