May 3, 2026

सुशासन तिहार 2026: बालोद जिला पूरी तरह तैयार, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

खबर शेयर करें

बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार के बहुप्रतीक्षित सुशासन तिहार 2026 को लेकर बालोद जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से जिले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि बालोद जिला जनता की सेवा, सुविधा और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि शिविरों में आने वाले आवेदनों का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने शिविर स्थलों पर शीतल पेयजल, कूलर, छायादार पंडाल और बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। वहीं किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए नक्शा एवं खसरा की नकल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।सुशासन तिहार के दौरान पुलिस विभाग भी सक्रिय भूमिका निभाएगा। शिविरों में लोगों को नशा मुक्ति अभियान, साइबर फ्रॉड से बचाव और कानून व्यवस्था संबंधी जागरूकता दी जाएगी।

राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, बंटवारा और अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र सहित कई जरूरी कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 32 शिविरों का आयोजन होगा, जिनमें 23 ग्रामीण और 09 नगरीय क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

बालोद जिले में सुशासन तिहार को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। अब जनता को उम्मीद है कि यह आयोजन केवल शिविर तक सीमित न रहकर उनकी समस्याओं का वास्तविक समाधान भी करेगा।