May 12, 2026

बालोद में उप चुनाव की बिगुल: 31 ग्राम पंचायतों और पलारी नगर पंचायत में 1 जून को मतदान

खबर शेयर करें

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय उप चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में चुनावी प्रक्रिया 11 मई से शुरू होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में उप चुनाव होंगे, वहां “सुशासन तिहार 2026” लागू नहीं रहेगा।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत पलारी सहित जिले की 31 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए उप चुनाव कराए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 21 मई तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे।

1 जून को वोटिंग, 4 जून को आएंगे नतीजे

नगर पंचायत पलारी में मतदान 1 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना और परिणाम घोषणा 4 जून को सुबह 9 बजे से की जाएगी।

वहीं पंचायत उप चुनाव के लिए मतदान 1 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान केंद्रों में उसी दिन शुरू होगी, जबकि खंड मुख्यालय स्तर पर 2 जून को मतगणना होगी। अंतिम परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

जिले के इन पंचायतों में होगा उप चुनाव

जनपद पंचायत बालोद, गुरूर, गुंडरदेही, डौंडीलोहारा और डौंडी क्षेत्र की कुल 31 ग्राम पंचायतों में उप चुनाव कराए जाएंगे। इनमें हथेड़, डेंगरापार, लाटाबोड़, कंवर, धनेली, कोलिहामार, इडारी, डुडिया, सियनमरा, सांजा, हल्दी, जेवरतला, भेंडा समेत कई पंचायतें शामिल हैं।

45 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

निर्वाचन आयोग के अनुसार जिले की 31 ग्राम पंचायतों में कुल 45,212 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 22,421 पुरुष, 22,789 महिला और 2 अन्य मतदाता शामिल हैं।

वहीं नगर पंचायत पलारी में कुल 3766 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1854 पुरुष और 1912 महिला मतदाता शामिल हैं।

चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने प्रशासन ने विभिन्न जनपद पंचायतों और नगर पंचायत पलारी के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है।

जनपद पंचायत बालोद के लिए आशुतोष शर्मा, गुरूर के लिए हनुमंत सिंह श्याम, गुंडरदेही के लिए कोमल ध्रुव, डौंडीलोहारा के लिए हिंसा राम नायक, डौंडी के लिए देवेंद्र नेताम तथा नगर पंचायत पलारी के लिए रामकुमार सोनकर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।