बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसुली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक सनकी मंझले भाई ने अपनी ही छोटी बहन पर धारदार कैंची से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम परसुली निवासी 18 वर्षीय कु. तनीशा सोनकर अपने बड़े पिता के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिनों पहले वह वापस अपनी मां के घर रहने आई थी। इसी बात को लेकर उसका मंझला भाई कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर लगातार नाराज रहता था और अक्सर विवाद करता था। वह बहन को घर में नहीं रहने देने की बात कहकर झगड़ा करता था।
बताया गया कि 15 मई 2026 की सुबह तनीशा अपनी मां लेमिन बाई सोनकर के साथ थाना देवरी पहुंची थी और भाई के खिलाफ मारपीट व विवाद की शिकायत की थी। हालांकि बाद में पारिवारिक मामला बताते हुए उसने लिखित आवेदन देकर कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तनीशा अपने बड़े भाई पंकज के साथ कमरे में आराम कर रही थी। उसी दौरान आरोपी कुबेर उर्फ पुकेश वहां पहुंचा और हत्या की नीयत से धारदार कैंची से तनीशा के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक खून बहने लगा। मां लेमिन बाई ने घटना देख तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना देवरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव के पेण्ड्री अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में प्रार्थिया लेमिन बाई सोनकर की रिपोर्ट पर थाना देवरी में आरोपी कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर के खिलाफ अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पूरे मामले में कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनीका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेन्डे के नेतृत्व में की गई।








More Stories
सुशासन तिहार मुढ़ीपार में पिथौरा के बाल वैज्ञानिक सृष्टि और पीयूष मंत्री दयाल दास बघेल द्वारा सम्मानित हुए
बालोद के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में रचा इतिहास, राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयनित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्यपाल रमेन डेका के हाथों डॉ. नागेंद्र वर्मा को मिली पीएचडी उपाधि