सरिया/सारंगढ़-बिलाईगढ़।
धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना (पंजीयन क्रमांक 245) में बिना धान की आवक के फर्जी तरीके से ऑनलाइन एंट्री कर शासन को करीब 99 लाख रुपये का चूना लगाने वाले समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को सरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जांच में खुली पोल: 3140 क्विंटल धान गायब
मिली जानकारी के अनुसार, खरीफ वर्ष 2025-26 के दौरान 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक साल्हेओना केंद्र में धान खरीदी की गई थी। इस दौरान गंभीर अनियमितता की शिकायत मिलने पर जिला कलेक्टर द्वारा एक उच्च स्तरीय जांच टीम गठित की गई थी।
जांच टीम में सरिया तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू, सहायक खाद्य अधिकारी विद्यानंद पटेल, सहकारी निरीक्षक अजय सिंह सिदार और संग्रहण केंद्र प्रभारी लकेश्वर टंडन शामिल थे। टीम ने जब 20 अप्रैल 2026 को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। मौके से 3,140.80 क्विंटल धान (कीमत ₹97,36,480) और 2,045 नग नए जूट बारदाने (कीमत ₹1,75,931.35) गायब मिले। कुल मिलाकर 99,12,411.35 रुपये के गबन का खुलासा हुआ।
किसानों से मिलीभगत कर बायोमैट्रिक का खेल
पूछताछ में यह बात सामने आई कि समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल ने कुछ किसानों के साथ मिलीभगत की थी। केंद्र में बिना कोई धान आए, फर्जी तरीके से टोकन काटे गए और तौल पर्ची बनाई गई। इसके बाद कंप्यूटर सिस्टम में बायोमैट्रिक डिवाइस और आइरिश स्कैनर का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से ऑनलाइन धान खरीदी की एंट्री दिखा दी गई।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी भेजे गए जेल
सहायक खाद्य अधिकारी विद्यानंद पटेल की लिखित रिपोर्ट पर सरिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 316(5) और 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।
जब्त किए गए उपकरण:
पुलिस ने विवेचना के दौरान समिति प्रबंधक से किसानों की तौल पर्ची, बायोमैट्रिक ओटीपी से जुड़ा मोबाइल और कंप्यूटर ऑपरेटर से 2 नग कंप्यूटर सिस्टम, बायोमैट्रिक डिवाइस व आइरिश स्कैनर जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
बंशीधर पटेल (उम्र 56 वर्ष): समिति प्रबंधक, निवासी ग्राम कटंगपाली ‘अ’, थाना सरिया ,वासुदेव पटेल (उम्र 48 वर्ष): कंप्यूटर ऑपरेटर, निवासी बरमकेला वार्ड क्रमांक 07
इस पूरी कार्रवाई और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने में सरिया थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, मोहन गुप्ता, विजय यादव, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल, दिगंबर पटेल और महिला आरक्षक सविता यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही








More Stories
बालोद में गूंजेगा 51 घंटे अखंड महायज्ञ का दिव्य स्वर, 13 से 15 जून तक होगा “51 अखंड घंटा महाराज” का अलौकिक आयोजन
राजनीति केवल मार्ग नहीं,जनविश्वास की सबसे बड़ी परीक्षा
बालोद चलो” का बिगुल: तुएगोंदी मामले को लेकर 28 मई को कलेक्टर घेराव, आदिवासी समाज ने संभाला मोर्चा