May 30, 2026

पदभार ग्रहण करते ही एक्शन में CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम का किया औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

खबर शेयर करें

सारंगढ़-बिलाइगढ़। जिले के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने पदभार ग्रहण करते ही मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) गोडम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
व्यवस्थाओं का जायजा लेकर दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान CMHO डॉ. वैष्णव ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा भंडारण और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित डॉक्टरों और स्टाफ को मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। डॉ. वैष्णव ने स्पष्ट किया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सेक्टर बैठक में शामिल होकर जमीनी कर्मचारियों को दी हिदायत
औचक निरीक्षण के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोडम में आयोजित सेक्टर बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में उन्होंने एएनएम, मितानिन और अन्य जमीनी स्वास्थ्य कर्मियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों (जैसे टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और मौसमी बीमारियों की रोकथाम) को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी कर्मचारी ही विभाग की रीढ़ हैं, इसलिए वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
इस औचक निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. आर. एल. सिदार और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) नंदलाल इजारदार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। CMHO ने अधिकारियों को समन्वय बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।