राजस्व रिकॉर्ड में कथित फर्जीवाड़ा कर जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी कर जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। ग्राम सरसीवा निवासी हेमंत निराला ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि राजस्व अधिकारियों और एक दंपती की मिलीभगत से उनकी पैतृक भूमि का खसरा रिकॉर्ड बदलकर दूसरे के नाम दर्ज करा दिया गया। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, ग्राम सरसीवा स्थित खसरा नंबर 1026, रकबा 0.134 हेक्टेयर भूमि वर्षों से उनके परिवार के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज रही है। आरोप है कि वर्ष 2024 में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों और रिकॉर्ड में छेड़छाड़ के जरिए वास्तविक कब्जे वाली भूमि खसरा नंबर 915/6 के बजाय खसरा नंबर 1026 को ऑनलाइन रिकॉर्ड में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
पीड़ित का आरोप है कि मामले में जांच और तहसीलदार की रिपोर्ट पूरी होने से पहले ही महज एक महीने के भीतर आदेश पारित कर भूमि को सरोजनी साहू के नाम दर्ज कर दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में राजस्व नियमों की अनदेखी की गई और रिकॉर्ड में कथित फर्जी परिवर्तन कर उन्हें उनकी जमीन से बेदखल करने की कोशिश की गई।

शिकायत में तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी, हल्का पटवारी और अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। हेमलाल निराला ने आरोप लगाया है कि मिलीभगत से रिकॉर्ड में हेरफेर कर जमीन हस्तांतरण कराया गया, जिसकी जांच कर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
फिलहाल शिकायत कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर दी गई है। अब पूरे मामले में जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर टिकी हुई है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब और प्रशासनिक जांच की पुष्टि अभी शेष है।









More Stories
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू की अध्यक्षता में हुई DLC बैठक, लंबित कार्यों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
प्रदेश मे 19 अधिकारीयों का तबादला देखे सूची,,,सारंगढ़-बिलाईगढ़ के CEO इंद्रजीत बर्मन भी हटाए गए
सारंगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल: उमेश साहू होंगे नए एसडीएम,