July 17, 2026

बालोद पुलिस की हाईटेक पहल, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने 83 स्मार्ट मोबाइल वितरित; ई-साक्ष्य ऐप से होगी वैज्ञानिक और समयबद्ध विवेचना

खबर शेयर करें

बालोद। जिले में अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए बालोद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने जिले के विवेचकों को 83 हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित कर डिजिटल और वैज्ञानिक विवेचना को नई दिशा देने का संदेश दिया है। इन स्मार्ट मोबाइल फोन के माध्यम से विवेचक अब ई-साक्ष्य (e-Sakshya) ऐप का उपयोग कर घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, फोटो, वीडियो, लोकेशन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विधिसम्मत संकलन कर सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक चव्हाण ने कहा कि समयबद्ध, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक विवेचना ही न्याय की मजबूत नींव है। जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाना बालोद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने तथा तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य अपराध अनुसंधान का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। ऐसे में e-Sakshya ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, जिससे न्यायालयीन प्रक्रिया में साक्ष्यों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

एसपी चव्हाण ने स्पष्ट किया कि वितरित हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि आधुनिक अनुसंधान का प्रभावी उपकरण हैं। इनके माध्यम से घटनास्थल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, ई-साक्ष्य अपलोड करने, वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित समन्वय स्थापित करने तथा अनुसंधान संबंधी कार्यों के समयबद्ध निष्पादन में महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला एवं बाल अपराधों पर संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई, सुदृढ़ बीट व्यवस्था के माध्यम से जनसंपर्क को मजबूत करने तथा यातायात व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनीफास एक्का, एसडीओपी गुरुर माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रुति सिंह, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं विवेचकगण उपस्थित रहे।