स्कूली बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने पर जोर। जिले में सड़क हादसों…
नाबालिको को वाहन चलाने पर सारंगढ़ बिलाईगढ़ पुलिस की कड़ाई
स्कूली बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने पर जोर।
जिले में सड़क हादसों में कमी लाने चलाया गया विशेष चेकिंग अभियान।
सारंगढ़ बिलाईगढ़ेसड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा जिले भर में एक विशेष चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के समस्त थानों और पुलिस चौकियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और कम उम्र में दोपहिया व चारपहिया वाहन दौड़ा रहे नाबालिग बच्चों को रोककर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन चला रहे नाबालिगों को समझाइश दी गई कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल उनके स्वयं के जीवन के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर संकट पैदा करता है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट व सीटबेल्ट के सही उपयोग और यातायात से जुड़े कानूनी नियमों के प्रति जागरूक किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने केवल बच्चों को समझाकर नहीं छोड़ा, बल्कि सभी नाबालिग चालकों के माता-पिता और अभिभावकों को तत्काल संबंधित थानों एवं चौकियों में तलब किया। थाने पहुंचे परिजनों की काउंसलिंग करते हुए पुलिस अधिकारियों ने उनसे नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की। साथ ही उन्हें मोटर यान अधिनियम के कड़े प्रावधानों से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन सौंपना एक गंभीर कानूनी अपराध है।

जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त चालानी कार्रवाई भी की गई। यातायात सारंगढ़ द्वारा धारा 4/181 एवं 5/180 के तहत 20,000 रु. का जुर्माना वसूला। वहीं,कनकबीरा चौकी में 3 प्रकरण दर्ज कर ₹2,000 और थाना भटगांव में परिजनों के खिलाफ 3 प्रकरणों में ₹3,000 की चालानी कार्रवाई की गई।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बच्चों के भविष्य और जीवन को खतरे में न डालें। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने न दें। यातायात नियमों का पालन करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और एक सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाई जा सके।

More Stories
बिग ब्रेकिंग: डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा को बरमकेला जनपद CEO का मिला अतिरिक्त प्रभार
खबर का असर निजी नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में संलिप्तता पर सहायक शिक्षिका निलंबित
सतनामी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थ मालखरौदा थाना प्रभारी वंश नारायण शर्मा से की सौजन्य मुलाकात