बालोद।
बालोद जिले के ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रही प्रथम नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक ली।
मुख्य सचिव ने आयोजन स्थल पर आवास, भोजन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, मीडिया सेंटर, विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
24 घंटे निर्बाध बिजली और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
मुख्य सचिव ने पूरे आयोजन के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में जनरेटर एवं वैकल्पिक ऊर्जा संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
आयोजन में शामिल प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए अस्थायी अस्पताल, योग्य चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में शौचालय, स्नानागार, अग्निशमन व्यवस्था, एटीएम, मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
भोजन की गुणवत्ता और हाइजीन पर सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि जंबूरी में प्रदान किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भोजन तैयार करने एवं वितरित करने वाले सभी कर्मियों को हाइजीन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।
10 जनवरी को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ
बैठक में शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने जानकारी दी कि जंबूरी का शुभारंभ 10 जनवरी को राज्यपाल रमेन डेका द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं अन्य अतिथि गण उपस्थित रहेंगे।
09 जनवरी को आयोजन का अंतिम रिहर्सल किया जाएगा।
देश-विदेश से 12 हजार प्रतिभागी होंगे शामिल
इस 5 दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से लगभग 12 हजार प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें से छत्तीसगढ़ राज्य से 4 हजार प्रतिभागी रहेंगे। साथ ही, इस आयोजन में विदेशी प्रतिभागियों की सहभागिता भी रहेगी, जिससे बालोद जिला अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएगा।
कलेक्टर और एसपी ने दी तैयारियों की जानकारी
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों से अवगत कराया और प्रतिभागियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
वर्चुअल बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के सचिव, संचालक एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने अंत में कहा कि बालोद जिले में पहली बार आयोजित हो रही नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी राष्ट्रीय आयोजन की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट, अनुकरणीय और यादगार होनी चाहिए।







Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

More Stories
छत्तीसगढ़ मे 43 आईएएस अधिकारियो का ट्रांसफर,,,, सारंगढ़ कलेक्टर बदले गए || देखे पूरी सूची
बंगाल, असम और पुडुचेरी बीजेपी ने की बडी जीत हासिल, पवनी में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला भाजपा की कामकाजी बैठक संपन्न