February 13, 2026

बालोद जिला सेन समाज की जिला स्तरीय बैठक संपन्न — समाज सुधार के लिए ऐतिहासिक निर्णय

खबर शेयर करें

बालोद, छत्तीसगढ़।
बालोद जिला सेन समाज की बहुप्रतीक्षित जिला स्तरीय बैठक बंजारी धाम, जुगेरा में हर्ष और सम्मान के वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक, इकाइयों और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिला प्रतिनिधि तथा युवा वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। बैठक का उद्देश्य समाज में अनुशासन, एकता और सामाजिक उत्थान के लिए ठोस दिशा तय करना था।

बैठक का संचालन अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उमेंद्र कौशिक ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक ने की। विभिन्न समाज सुधार प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए।

समाज सुधार हेतु प्रमुख निर्णय
विधवा माताओं को सम्मान
किसी भी पुत्र या पुत्री के विवाह में विधवा माता को ‘मौर सोपने’ सहित सगाई एवं विवाह की रस्मों में सम्मानपूर्वक सहभागिता दी जाएगी।

सगाई के बाद संवाद पर नियंत्रण
सगाई के पश्चात विवाह से पूर्व लड़का–लड़की के बीच मोबाइल पर निजी बातचीत प्रतिबंधित रहेगी। आवश्यक संवाद केवल अभिभावक की उपस्थिति में संभव होगा।

धर्मांतरण पर कठोर कार्रवाई
समाज के किसी सदस्य द्वारा धर्म परिवर्तन की स्थिति में समाज स्तर पर कठोर सामाजिक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाज/धर्म के प्रतिष्ठानों में कार्य पर रोक
सेन समाज के सदस्य अन्य समाज या धर्म के सैलून, ब्यूटी पार्लर अथवा समान प्रतिष्ठानों में कार्य नहीं कर सकेंगे। उल्लंघन पर अनुशासन समिति कार्रवाई करेगी।

मृत्यु भोज में सादगी
मृत्यु भोज में भव्य आयोजनों पर रोक लगाते हुए दाल, भात और सब्जी जैसे सादगीपूर्ण भोजन का प्रावधान किया गया।

शोकाकुल परिवार की सहायता
मृत्यु की स्थिति में कफन ओढ़ाने की परंपरा के स्थान पर नकद सहायता देने का निर्णय लिया गया।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा
सभी स्तरों पर महिला संगठन बनाए जाएंगे। विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त महिलाओं का सम्मान किया जाएगा तथा सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण एवं दोना-पत्तल निर्माण जैसे स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे।

सामाजिक प्रकरणों में महिलाओं की सहभागिता
समाजिक विवादों एवं प्रकरणों के समाधान में महिलाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।

जूता छुपाने की परंपरा समाप्त
विवाह समारोह में जूता छुपाने जैसी प्रथाओं को समाप्त कर गरिमामय आयोजन पर बल दिया गया।

संगठनात्मक एकता पर जोर
समाज अब किसी भी पार या फिरके के आधार पर नहीं, बल्कि एकजुट स्वरूप में कार्य करेगा।

सैलून संघ का गठन
ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक सैलून संघ का गठन किया जाएगा, जो जिला संगठन के नियमों के अंतर्गत कार्य करेगा।

प्रमुख उपस्थितियां
बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक, उपाध्यक्ष लोकेश कौशिक, जगन कौशिक, संरक्षक संतोष श्रीवास, संगठन मंत्री उमेश सेन (मीडिया प्रभारी), जिला कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश सेन सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे। कंपनी कमांडर ओमप्रकाश सेन के सुझावों का समाजजनों ने स्वागत किया।

बैठक के अंत में समाज के संस्कार, अनुशासन और एकता को सशक्त बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया। निर्णयों की जानकारी प्रत्येक सदस्य तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक एवं इकाई स्तर पर भी बैठकें आयोजित करने की घोषणा की गई।