बालोद। ग्राम पंचायत सिवनी के मुक्तिधाम परिसर में वृक्षों की कथित अवैध कटाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिना सक्षम अनुमति के गीला झाड़ कछुआ (अर्जुन) व सागौन सहित अन्य वृक्षों की कटाई कर लकड़ियों का नीलामी/विक्रय किया गया।
कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 16 के पंच मुरलीधर सिन्हा (पिता लोचन राम सिन्हा), निवासी ग्राम देवरीतराई, ग्राम पंचायत सिवनी ने बताया कि उन्होंने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत ग्राम पंचायत सिवनी से जानकारी प्राप्त की। प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार ग्राम सिवनी, पहन क्रमांक 21, तहसील बालोद स्थित मुक्तिधाम परिसर में खड़े कुछ वृक्षों की कटाई की गई है।

ज्ञापन में यह भी आरोप है कि उक्त कार्रवाई सरपंच द्वारा उच्च अधिकारियों व संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति लिए बिना की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह शासन के नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक स्थल पर खड़े वृक्ष सामुदायिक संपत्ति हैं, जिनकी सुरक्षा व संरक्षण पंचायत की जिम्मेदारी है। बिना अनुमति कटाई को पर्यावरणीय दृष्टि से गंभीर विषय बताते हुए उन्होंने पारदर्शी जांच की आवश्यकता जताई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम विकास समिति सिवनी के अध्यक्ष भागलाल पटेल, सदस्य निरंजन साहू, हरदेव सिन्हा, दानेश्वर सिन्हा, बुघराम उडके, दशरथ साहू, तेजूराम, जीवन भास्कर, संत राम, भीम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
अब ग्रामीणों की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर टिकी है।

More Stories
बालोद में राइस मिल प्रदूषण पर बढ़ा विवाद, वार्डवासियों ने कड़ी कार्रवाई की मांग
ब्रेकिंग न्यूज,,, 9 शिक्षकों को नोटिस,,, कलेक्टर एक्शन मोड़ पर
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में शिक्षा गुणवत्ता को मिला सम्मान,,,कलेक्टर ने DEO को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साहवर्धन किया