February 20, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी कामयाबी: 900 कट्टा धान से भरी ट्रक चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

बालोद। पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में बालोद पुलिस ने धान चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 16.01.2026 को ग्राम मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरा ट्रक क्रमांक CG 08 AV 1711 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया था। बाद में उक्त ट्रक दमकसा बड़भूम क्षेत्र में लावारिस हालत में मिला, जिसमें से 280 कट्टा शासकीय धान गायब था। इस संबंध में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में सायबर सेल एवं थाना बालोद की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि ट्रक की किस्त नहीं चुका पाने के कारण वित्तीय दबाव में उसने साथियों के साथ मिलकर धान चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने मालीघोरी धर्मकांटा के पास खड़े ट्रक को निशाना बनाया, जिसमें चाबी लगी होने का फायदा उठाकर ट्रक को दमकसा ले जाया गया। वहां से 280 कट्टा धान को दूसरे ट्रक CG 08 AQ 7884 में लोड कर कंगलूटोला स्थित ससुराल में छिपाया गया। शासकीय बारदाने को खाली कर धान को स्थानीय बोरों में भर दिया गया तथा ट्रक में लगे जीपीआरएस को तोड़कर फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 179 कट्टा धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक एवं मोटरसाइकिल जब्त कर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. नेतराम देवांगन (37 वर्ष), ग्राम कोरगुडा, बालोद
  2. काशीराम देवांगन (32 वर्ष), ग्राम कोरगुडा, बालोद
  3. तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला (25 वर्ष), ग्राम कोरगुडा, बालोद
  4. धमेंद्र धनकर (27 वर्ष), ग्राम कोरगुडा, बालोद

जप्त
चोरी किया गया धान
ट्रक क्रमांक CG 08 AQ 7884 मोटरसाइकिल

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, धरम भूआर्य, प्रआरक्षक योगेश सिन्हा तथा आरक्षक भोप सिंह साहू, विपिन गुप्ता, आकाश दूबे, पूरन देवांगन, गुलझारी साहू एवं मोहन कोकिला की विशेष भूमिका रही।