बालोद, भाजपा कार्यालय जुंगेरा में आयोजित प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भाजपा घोषणाओं की नहीं, बल्कि परिणामों की राजनीति करती है। प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित कर सरकार ने अपने संकल्प को सिद्धि में बदल दिया है।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों को केवल आश्वासनों में उलझाए रखा, जबकि साय सरकार ने सत्ता में आते ही किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। आज किसानों के खातों में बिना बिचौलियों और बिना किसी देरी के राशि पहुंच रही है, जो सुशासन का वास्तविक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्णायक नेतृत्व और स्पष्ट नीयत के कारण प्रदेश की दिशा और दशा दोनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। यह निर्णय किसानों के लिए होली और दिवाली जैसे उत्सव का अवसर लेकर आया है तथा पूरे प्रदेश में उत्साह और विश्वास का वातावरण बना हुआ है।
जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव एवं सौरभ लूनिया ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी की भूमिका को सराहनीय बताते हुए कहा कि मजबूत वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी प्रबंधन के कारण इतनी बड़ी राशि का त्वरित और सुव्यवस्थित भुगतान संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि ईमानदार और संकल्पित नेतृत्व होने पर संसाधनों की कमी नहीं होती।
महामंत्रियों ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग किसानों के नाम पर केवल राजनीति करते थे, वे आज इस ऐतिहासिक निर्णय से निरुत्तर हैं। साय सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसान सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और प्रभावी क्रियान्वयन से मिलता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी जिला एवं जनपद मुख्यालयों में किसानों की उपस्थिति में समारोहपूर्वक राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बालोद जिले के 1 लाख 48 हजार किसानों के खातों में 511 करोड़ रुपये की राशि पहुंचने पर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
अंत में नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, युवा और गांव के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

More Stories
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस संगठन की कार्यकारिणी घोषित
पूना मारगेम- पुनर्वास से पुनर्जीवनः- 15 सशस्त्र माओवादी लौटे समाज की मुख्यधारा में
सारंगढ़-बिलाईगढ़ की बदहाल सड़कों को बजट 2026-27 में मिली बड़ी सौगात,,,भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे ने जताया सरकार का आभार