April 22, 2026

बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का गंभीर आरोप, छात्रा ने की शिकायत

खबर शेयर करें

महासमुंद : खबर निरीक्षण

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं के दौरान जिले के एक परीक्षा केंद्र में बड़े स्तर पर नकल करवाने का मामला सामने आया है।
यह मामला छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा से जुड़ा हुआ है,जहां एक छात्रा ने केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार,स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/इंग्लिश माध्यमिक विद्यालय भवंरपुर(बसना)को बनाए गए परीक्षा केंद्र में 20 फरवरी 2026 को भौतिकी परीक्षा के दौरान खुलेआम मोबाइल और चीट के माध्यम से नकल करवाई गई।
आरोप है कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा कक्ष में नहीं थी,वे भी नकल करवाने में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे थे।
एक शिक्षक द्वारा छात्र को मोबाइल देने और फिर वापस लेने की बात भी सामने आई है।
इसके बाद 23 फरवरी को रसायन शास्त्र की परीक्षा में भी यही स्थिति बनी रही।छात्रा के मुताबिक,पर्यवेक्षकों द्वारा स्वयं चीट उपलब्ध कराई गई और अन्य विद्यार्थियों को उत्तर बताए गए।
विरोध करने पर छात्रा की बात को नजरअंदाज किया गया और नकल का सिलसिला जारी रहा।
सबसे गंभीर स्थिति 2 मार्च को गणित परीक्षा के दिन देखने को मिली,जब कथित तौर पर नकल अपने चरम पर थी।
आरोप है कि इस दिन ऐसे शिक्षक भी नकल करवाने में शामिल थे,जिनकी परीक्षा ड्यूटी नहीं लगी थी।
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी उत्तर पुस्तिका छीनने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज की गई।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और उसे डराया-धमकाया गया,जिससे उसकी पढ़ाई और परीक्षा पर गंभीर असर पड़ा।
छात्रा ने इस मामले की लिखित शिकायत जिला प्रशासन को सौंपते हुए संबंधित शिक्षक,प्राचार्य एवं अन्य स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है और परीक्षा की निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
इस संबंध मे जिला शिक्षा अधिकारी को दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया तो उनका कहना है कि जांच कर कार्यवाही किया जाएगा l