जांजगीर-चांपा। संविधान सभा सदस्य, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं छत्तीसगढ़ के प्रथम बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधि छात्रों ने स्कूलों में कानूनी साक्षरता को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने की मांग उठाई। विधि छात्र केशव जटवार के नेतृत्व में इस संबंध में सामूहिक ज्ञापन एवं प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सांसद, विधायक, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में Legal Literacy (कानूनी साक्षरता) को शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव को मंच से समर्थन मिलने के साथ ही कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, अधिवक्ताओं एवं नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
मुख्य प्रस्तावक केशव जटवार ने कहा कि कानूनी साक्षरता का उद्देश्य बच्चों को वकील बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं की बुनियादी जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्यतिथि पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि प्रदेश के बच्चों को कानून और संविधान की जानकारी देकर जागरूक नागरिक बनाया जाए।
प्रस्ताव में विद्यार्थियों को आयु के अनुसार संविधान, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल एवं महिला सुरक्षा कानून, एफआईआर एवं पुलिस प्रक्रिया, साइबर अपराध एवं सुरक्षा, उपभोक्ता अधिकार, आरटीआई, कानूनी सहायता तथा लोक अदालत जैसी विषयवस्तु की जानकारी देने की मांग की गई है।
विधि छात्रों ने कानूनी शिक्षा को सरल हिंदी एवं स्थानीय भाषा में व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने का सुझाव भी दिया। साथ ही SCERT के माध्यम से विधि विशेषज्ञों, अधिवक्ताओं, विधि महाविद्यालयों एवं विधिक सेवा प्राधिकरणों के सहयोग से पाठ्यक्रम और शिक्षक प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने की मांग रखी गई।
प्रस्ताव में पहले चयनित शासकीय एवं निजी विद्यालयों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने और उसके परिणामों के आधार पर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से लागू करने की मांग की गई है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्राप्त हस्ताक्षरित समर्थन एवं ज्ञापन को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, NCERT, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय तथा राज्य शिक्षा विभाग को भेजकर आवश्यक नीतिगत कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस पहल में केशव जटवार के साथ गिरधारी चंद्रा, राहुल यादव, इंद्रजीत कुर्रे, मेघा, गार्गी काहरा एवं लक्ष्मी नारायण आदित्य सहित अन्य विधि छात्रों की सहभागिता रही।

More Stories
जिला प्रशासन एवं रेड क्रॉस द्वारा, 22 सितंबर को अंगदान घोषणा सह सम्मान समारोह
सुपोषण चौपाल में कलेक्टर ने बढ़ाया माताओं-बच्चों का उत्साह, कराई गोदभराई और अन्नप्राशन
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला अधिकारियों के बीच नए सिरे से किया कार्यविभाजन