October 30, 2026

शिवसेना (UBT) के जिला पदाधिकारियों की शिवसेना में घर वापसी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में संगठन विस्तार की मिली जिम्मेदारी

खबर शेयर करें

प्रदेश संगठन महामंत्री संतोष यदु ने गमछा पहनाकर दिलाई सदस्यता, जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में शिवसेना के संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर में पार्टी का विस्तार करने की दिशा में शिवसेना ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शिवसेना के प्रदेश प्रमुख श्री धनंजय सिंह परिहार के निर्देशानुसार प्रदेश संगठन महामंत्री श्री संतोष यदु ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शिवसेना (UBT) से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों की पुनः शिवसेना में घर वापसी कराते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों का शिवसेना का गमछा पहनाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें जिले में संगठन विस्तार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

बलौदाबाजार के गार्डन चौक स्थित शिवसेना कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रमुख पदाधिकारी सरोज चंद्रा, राजू प्रजापति, एस. कुमार श्रीवास एवं अशोक खुटे ने पुनः शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश संगठन महामंत्री संतोष यदु ने पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए तत्काल संगठन विस्तार के कार्य में जुटने के निर्देश दिए।

इन पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

  • सरोज चंद्रा — संगठन प्रभारी जिलाध्यक्ष, सारंगढ़-बिलाईगढ़
  • राजू प्रजापति — संगठन प्रभारी जिला महासचिव
  • एस. कुमार श्रीवास — संगठन जिला उपाध्यक्ष
  • अशोक खुटे — बिलाईगढ़ ब्लॉक उपाध्यक्ष

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री संतोष यदु ने कहा कि शिवसेना का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाना तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। अनुभवी पदाधिकारियों की घर वापसी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पार्टी के विस्तार को गति प्राप्त होगी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में संगठन विस्तार अभियान को तेज किया जाएगा। जिला, ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन की कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा, ताकि शिवसेना को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

जल्द होगी जिला स्तरीय बैठक, नई कार्यकारिणियों की होगी घोषणा

शिवसेना द्वारा जल्द ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में संगठन विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। प्रदेश प्रमुख श्री धनंजय सिंह परिहार की अध्यक्षता में प्रस्तावित इस बैठक में जिला, ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर की कार्यकारिणियों की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही संगठन की आगामी रणनीति तय करते हुए सदस्यता अभियान और जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिवसेना के प्रदेश संगठन महामंत्री संतोष यदु, बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष कृष्णा कुमार यादव, जिला महासचिव मुकेश साहू एवं जिला सचिव अभय राम यादव उपस्थित रहे।

शिवसेना पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रमुख कार्यकर्ताओं की घर वापसी और नई जिम्मेदारियों के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा आने वाले समय में पार्टी का जनाधार और अधिक विस्तृत होगा।