देवरी। महाशिवरात्रि एवं सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के पावन अवसर पर नर्मदा धाम सुरसुली में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। संकल्प जन सेवा समिति देवरी तथा ग्रामवासियों के सहयोग से सामूहिक 108 पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु यजमान के रूप में शामिल हुए।
आयोजन स्थल को आकर्षक मंच, सुसज्जित विद्युत व्यवस्था और उत्कृष्ट ध्वनि प्रणाली से सजाया गया था। शिव-पार्वती विवाह प्रसंग की मनोहारी प्रस्तुति और माँ गंगा आरती की तर्ज पर भव्य माँ नर्मदा आरती ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भावविभोर होकर आरती में सहभागी बने।

विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अनुष्ठान कराया। प्रमुख आचार्य पं. हितेश तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं को माता-पिता के सम्मान और धार्मिक संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
आयोजन की विशेष पहल के तहत लगभग 7500 परिवारों को निःशुल्क रुद्राक्ष वितरित किए गए। सायंकालीन प्रसाद (भंडारा) में भी श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। यजमानों को पूजा सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं पड़ी, क्योंकि समस्त व्यवस्था समिति द्वारा की गई थी।

संस्था के संचालक भरत देवांगन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना है। सफल संचालन में आईसेक्ट कंप्यूटर देवरी के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।

More Stories
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान
जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह समेत अतिथियों ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, स्वास्थ्य शिविर में हुआ निःशुल्क परीक्षण
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंगन पहुंचा सेवा संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह