बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में बालोद जिला आदिवासी कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाना और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए आदिवासी कांग्रेस की जिलाध्यक्ष लता कोर्राम ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ और ग्राम स्तर के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, इसलिए जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और नेतृत्व को आगे लाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंदेश हिरवानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना संगठन का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन ही आने वाले समय में राजनीतिक दिशा तय करेगा।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रती राम कोसमा ने संगठन की भावी रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को स्पष्ट मार्गदर्शन देते हुए नई कार्यकारिणी के गठन हेतु समय-सीमा निर्धारित करने पर बल दिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक आदिवासी कांग्रेस की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने संगठन हित में अपने सुझाव साझा किए और सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। बैठक को संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो जिले में संगठनात्मक मजबूती को नई धार दे सकता है।

More Stories
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान, सुनील शर्मा ने QR कोड और ‘सेल्फी फ्रेम’ से की शुरुआत
कन्या शाला घरघोड़ा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; छात्राओं ने थामा तिरंगा दिया स्वच्छता का संदेश