बालोद। जिले के लिए गर्व और खुशी का अवसर उस समय आया जब नगर पालिका के पार्षद एवं भाजपा नेता राजू पटेल के सुपुत्र माधव पटेल ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 49वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
यह उपलब्धि केवल पटेल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे बालोद जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है। सीए परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिनी जाती है, जिसमें सफलता हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। ऐसे में ऑल इंडिया रैंक 49 प्राप्त करना असाधारण सफलता है।
माधव की इस सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण प्रमुख रहा। परिणाम घोषित होते ही परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा ने माधव पटेल एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि बालोद जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने माधव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे होनहार युवाओं से ही प्रदेश और देश का भविष्य मजबूत होता है।
माधव की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि लगन और दृढ़ निश्चय के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। पूरे जिले में उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं और लोग इसे बालोद के लिए गौरवपूर्ण क्षण मान रहे हैं।

More Stories
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान
जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह समेत अतिथियों ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, स्वास्थ्य शिविर में हुआ निःशुल्क परीक्षण
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंगन पहुंचा सेवा संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह