धान की खेती में खरपतवार प्रबंधन पर किया महत्वपूर्ण शोध, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से पूरी की पीएचडी
सारंगढ़-बिलाईगढ़/ बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम टुंडरी निवासी डॉ. नागेंद्र वर्मा ने कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने “जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए धान के कतार बोनी में खरपतवार प्रबंधन” विषय पर शोध कार्य किया। यह शोध धान की खेती में किसानों के सामने आने वाली सबसे बड़ी समस्याओं में से एक खरपतवार नियंत्रण पर केंद्रित रहा
डॉ. वर्मा ने अपने शोध कार्य को तीन वर्षों में पूर्ण किया। उनके शोध में बदलते जलवायु परिस्थितियों के बीच धान की कतार बोनी पद्धति में खरपतवार प्रबंधन के प्रभावी उपायों का अध्ययन किया गया। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार धान उत्पादन में खरपतवार एक बड़ी चुनौती है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है तथा किसानों की लागत भी बढ़ती है। ऐसे में यह शोध किसानों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है।
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका , मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के हाथों डॉ. नागेंद्र वर्मा को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वर्तमान में डॉ. नागेंद्र वर्मा बिलाईगढ़ विकासखंड में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे लगातार किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत कृषि तकनीक एवं फसल प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया है।
डॉ. वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शोध कार्य का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे और धान उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
डॉ. नागेंद्र वर्मा की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, कृषि विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

More Stories
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान, सुनील शर्मा ने QR कोड और ‘सेल्फी फ्रेम’ से की शुरुआत
कन्या शाला घरघोड़ा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; छात्राओं ने थामा तिरंगा दिया स्वच्छता का संदेश