डौंडी। आदिवासी बहुल विकासखंड डौंडी में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से हुए निर्माण कार्यों और प्रशिक्षण योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अब सर्व आदिवासी समाज खुलकर मैदान में उतर आया है। समाज ने विभिन्न योजनाओं में करोड़ों रुपये के खर्च की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
सर्व आदिवासी समाज द्वारा पूर्व में भी न्यायाधीश एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी को 22 बिंदुओं पर शिकायत सौंपकर जांच की मांग की गई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी उचित कार्रवाई नहीं होने से समाज में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया।

बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में खनिज न्यास निधि से संचालित कई योजनाओं में भारी अनियमितता हुई है। समाज ने मांग की है कि जिन कार्यों में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए गए, उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
समाज द्वारा जिन प्रमुख मामलों की जांच की मांग उठाई गई है, उनमें ग्राम पंचायत सिंगोला के आश्रित ग्राम सुकड़ी गहन में हास्य कला एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र पर लगभग 49 लाख रुपये खर्च का मामला शामिल है। इसी तरह ग्राम पंचायत बामनी-कुंजकन्हार में हस्तकला प्रशिक्षण केंद्र, भैंसबोड़-सलाईटोला-टेमा बुजुर्ग में डेगकन फूड एवं कृषि प्रशिक्षण योजनाओं में हुए खर्च की भी जांच की मांग की गई है।
इसके अलावा डौंडी विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में कड़कनाथ मुर्गी उत्पादन यूनिट, मधुमक्खी शहद उत्पादन प्रशिक्षण, सोलर सिस्टम लाइट स्थापना तथा वर्ष 2019-20 में 1 करोड़ 96 लाख रुपये से संचालित सब्जी-मसाला विकास प्रशिक्षण योजनाओं में हुए खर्च को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।
सर्व आदिवासी समाज ने पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में गैर आदिवासी को पदेन अध्यक्ष बनाए जाने पर भी सवाल उठाया है। समाज का कहना है कि अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी हितों की रक्षा के लिए योग्य आदिवासी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
बैठक में सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक अध्यक्ष रोहित माहला, गोंडवाना समाज जिला उपाध्यक्ष भोला राम नेताम, युवा प्रभाग ब्लॉक अध्यक्ष तुलेश्वर हिचामी, गोंडवाना समाज ब्लॉक अध्यक्ष आत्मराम कोड़ों, ब्लॉक कोषाध्यक्ष राजेश चूरेंद, गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन ब्लॉक अध्यक्ष देव कोर्राम, मीडिया प्रभारी समीर धुर्वे, बीरेंद्र उसेंडी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।








More Stories
बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद, वाहन सहित जप्त
ग्राम खुडुभांठा में खेत में भड़की आग, डेढ़ एकड़ फसल जलकर खाक; सदमे में किसान
ब्रेकिंग न्यूज,,, पेट्रोल पंप सील,,बड़ी कार्यवाही