बरगद का वर्षों पुराना पेड़ आधा काटकर छोड़ा गया, नागरिकों में गहरा आक्रोश
बालोद।
नगर के प्रमुख मधु चौक क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही और ठेकेदार की उदासीनता के चलते सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। कार्य शुरू होने के बाद कई दिनों से बंद पड़ा होने के कारण क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया है, वहीं धूल-मिट्टी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क की खुदाई और अधूरे निर्माण कार्य के कारण पूरे बाजार क्षेत्र में धूल का साम्राज्य छाया हुआ है। दुकानों में ग्राहक बैठना तो दूर, सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। दिनभर सफाई करने के बावजूद दुकानदारों को धूल से राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

नागरिकों का आरोप है कि या तो विभाग द्वारा ठेकेदार को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, या फिर भुगतान मिलने के बावजूद ठेकेदार ने काम रोक दिया है। दोनों ही परिस्थितियों में आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सबसे चिंताजनक मामला मधु चौक के समीप स्थित वर्षों पुराने बरगद के पेड़ का है, जिसे आधा काटकर अधूरा छोड़ दिया गया है। यह पेड़ न केवल चौक की पहचान था, बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण था। अधूरा कटान होने से पेड़ के सूखने का खतरा मंडरा रहा है, जिसे लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है।

एक जागरूक नागरिक उमेश कुमार सेन ने कहा—
“यह जनता के धन और हितों से सीधा खिलवाड़ है। विभाग को चाहिए कि तत्काल अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराए, बरगद के पेड़ का संरक्षण सुनिश्चित करे और क्षेत्र में धूल-मिट्टी की सफाई कराए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो नागरिक सामूहिक रूप से विरोध करेंगे।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मौके पर तत्काल निरीक्षण कर दोषी ठेकेदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।

More Stories
छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग में बड़ा फेरबदल,,, जिला खाद्य अधिकारियो का तबादला
भूमकाल की हुंकार से कांपी अंग्रेजी हुकूमत,बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गूंजा ‘जय जोहार, जय भूमकाल’
गोंड समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक संरक्षण पर मंथन, बालोद की अगुवाई में रायपुर में हुई अहम बैठक