बालोद
आगामी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार, बालोद में परीक्षा केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों का विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों से नियुक्त केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष तथा विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करना रहा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी, जिनके सुचारु संचालन की संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्राध्यक्षों पर रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, परीक्षा कक्ष में अनुशासन सुनिश्चित करने, समयपालन तथा शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत प्राध्यापक समन्वयक एवं प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने परीक्षा संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए केंद्राध्यक्षों को चरणबद्ध जानकारी दी। उन्होंने प्रश्नपत्र प्राप्ति एवं सुरक्षित रख-रखाव, उत्तरपुस्तिकाओं के वितरण व संकलन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति सत्यापन, बैठक व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में यह भी निर्देशित किया गया कि प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में ही खोले और सील किए जाएं। परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र वितरण से पूर्व विषयवार संख्या का मिलान अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर, पुस्तक या अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा संभावित समस्याओं के व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उपाय समझाए गए। अंत में सभी केंद्र अधिकारियों ने बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में बोर्ड परीक्षाओं की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।








More Stories
छत्तीसगढ़ मे 43 आईएएस अधिकारियो का ट्रांसफर,,,, सारंगढ़ कलेक्टर बदले गए || देखे पूरी सूची
बंगाल, असम और पुडुचेरी बीजेपी ने की बडी जीत हासिल, पवनी में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला भाजपा की कामकाजी बैठक संपन्न