February 21, 2026

शासकीय महाविद्यालय बालोद के छात्र लक्ष कुमार साहू ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

खबर शेयर करें

बालोद। शासकीय महाविद्यालय बालोद के प्रतिभाशाली छात्र लक्ष कुमार साहू ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय का गौरव बढ़ा है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन प्रतिवर्ष भारतीय सांस्कृतिक संस्था द्वारा विभिन्न स्तरों पर किया जाता है। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय परंपरा, संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय बालोद में भी परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच लक्ष कुमार साहू ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

लक्ष साहू की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो ने उनकी मेहनत, लगन एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं।

परीक्षा के संयोजक एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दीपाली राव, प्रो. जी. एन. खरे, डॉ. तुलाराम ठाकुर, प्रो. जे. आर. नायक, प्रो. आर. डी. साहू, अतिथि शिक्षक मिथलेश साहू, शोभा वैष्णव, रानु देशलहरे, देवेंद्र साहू, गजेंद्र धीमर, जागृति बारले सहित अन्य प्राध्यापकों एवं सहपाठियों ने लक्ष साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि लक्ष साहू भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त कर संस्था एवं समाज का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।