May 27, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद, वाहन सहित जप्त

खबर शेयर करें

थाना पुरूर की सतर्कता से खुला बड़ा मामला, टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन की आशंका

बालोद जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरूर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। वहीं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा और थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में थाना पुरूर पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांकेर की ओर से एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि लेकर कुछ लोग पुरूर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर सघन वाहन जांच शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित जैन (42 वर्ष), निवासी बालोद तथा लच्छू ठाकुर (38 वर्ष), निवासी ग्राम तरौद, जिला बालोद बताया।

मजिस्ट्रेट और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई तलाशी

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों और गवाहों की उपस्थिति में कराई गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने जब बरामद नगदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तब संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए पूरी रकम और वाहन को जप्त कर लिया।

पुलिस टीम की सक्रियता बनी सफलता की वजह

इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के साथ प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू और संदीप यादव सहित समस्त पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

अवैध गतिविधियों पर बालोद पुलिस की कड़ी नजर

बालोद पुलिस लगातार अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों और टैक्स चोरी जैसे मामलों पर नजर बनाए हुए है। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।