October 2, 2026

भवंरपुर स्वास्थ्य केंद्र में कथित रूप से एक्सपायरी डेट की सलाइन चढ़ाने का मामला,जांच की मांग

खबर शेयर करें

बसना/भवंरपुर : गोपाल लहरिया – (खबर निरीक्षण)

भवंरपुर स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान एक मरीज को कथित रूप से एक्सपायरी डेट वाली एनएस(नॉर्मल सलाइन)चढ़ाए जाने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में ग्राम एवं चौकी भंवरपुर निवासी हराराम राणा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी(बीएमओ)बसना को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता हराराम राणा के अनुसार,उनकी पत्नी अहिल्या राणा को दस्त की शिकायत होने पर 10 जून 2026 को उपचार हेतु भवंरपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था जहां उपचार के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों द्वारा मरीज को एनएस(नॉर्मल सलाइन)की बोतल चढ़ाई गई।
उन्होंने बताया कि बोतल का निरीक्षण करने पर उसमें अंकित एक्सपायरी डेट समाप्त पाई गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस संबंध में तत्काल उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को अवगत कराने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया एवं उनका कहना है कि एक्सपायरी दवा अथवा सलाइन का उपयोग मरीज के स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है।
हराराम राणा ने अपनी शिकायत में कहा है कि यदि जांच में स्वास्थ्य केंद्र के किसी कर्मचारी अथवा अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और साथ ही साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाने चाहिए,जिससे मरीजों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।