उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कार्यपालन अभियंता को नियमित निरीक्षण एवं साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
निर्माणाधीन भवनों की व्यवस्थाओं का बारीकी से लिया जायजा, खाड़ाबांध तालाब में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ – कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार को सुबह नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन एवं नवीन तहसील-एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवनों के निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रत्येक सप्ताह कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी अथवा विलंब का समय रहते निराकरण किया जा सके।

18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का लिया जायजा
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भवन के कुछ कमरों में सीपेज की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को उचित तकनीकी समाधान के माध्यम से समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन नवगठित जिले की प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमुख केंद्र होगा, इसलिए निर्माण के प्रत्येक कार्य को पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना आवश्यक है।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता परीक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में भवन को पूर्ण करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें।
नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन के प्रत्येक कक्ष का किया निरीक्षण
कलेक्टर इसके बाद ने सारंगढ़ में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों में पहुंचकर निर्माण कार्यों और प्रस्तावित कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर भवन का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने न्यायालयीन कार्यों के संचालन को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कोर्ट रूम के आकार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पर्याप्त स्थान की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कोर्ट रूम को और अधिक विस्तृत एवं न्यायालयीन कार्यों के अनुरूप सुविधाजनक ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नवीन कार्यालय भवनों का निर्माण केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। भवन की व्यवस्थाएं ऐसी हों कि कार्यालय प्रारंभ होने के बाद नागरिकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित ठेकेदारों को नियमित निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और साप्ताहिक प्रगति की प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत खाड़ाबांध तालाब में चलेगा स्वच्छता अभियान
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के मद्देनजर सारंगढ़ स्थित खाड़ाबांध तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए यहां व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तालाब एवं उसके आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सारंगढ़ उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
जनभागीदारी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को भव्य और व्यापक स्वरूप दें : प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा
जिला प्रेस क्लब ने प्रभारी मंत्री वर्मा का भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृति के लिए जताया आभार
कटंगडीह विद्यालय मे बौद्धिक प्रतियोगिता का हुआ आयोजन