October 13, 2026

लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी—कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू

खबर शेयर करें

कोई मतदाता छूटे ना’ के संकल्प के साथ शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं को दिलाई मतदाता जागरूकता की शपथ, नए मतदाताओं को डिजिटल ईपिक की प्रतियां की गईं वितरित

‘मेरा वोट मेरी ताकत’ और ‘वोट फॉर बेटर इंडिया’ की थीम पर विद्यार्थियों ने बनाई आकर्षक रंगोलियां

18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील, मतदान प्रतिशत बढ़ाने में युवाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 13 अक्टूबर 2026। लोकतंत्र को मजबूत बनाने एवं प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदान प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सारंगढ़ स्थित शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय में ‘कोई मतदाता छूटे ना’ की थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू शामिल हुईं। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

रंगोलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया मतदाता जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाई गईं। विद्यार्थियों ने ‘मेरा वोट मेरी ताकत’, ‘वोट फॉर बेटर इंडिया’ सहित विभिन्न विषयों पर रंगोलियों के माध्यम से मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं मतदाता सहभागिता का संदेश दिया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने रंगोलियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं जागरूकता प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

मताधिकार का प्रयोग करना जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि—कलेक्टर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनना प्रत्येक युवा के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। युवाओं में पहली बार मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर विशेष उत्साह रहता है। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता से ही लोकतंत्र अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनता है।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के नागरिकों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें। लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्व है। मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनविश्वास और पारदर्शिता को मजबूती मिलती है।

18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं अपना नाम

कलेक्टर श्रीमती साहू ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्राथमिकता है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे युवाओं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, से प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता पंजीयन कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि मतदाता पंजीयन एवं सूची पुनरीक्षण के संबंध में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। एसडीएम एवं तहसीलदारों के माध्यम से निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान में सहयोग करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का आग्रह किया।

महाविद्यालय के निर्वाचन साक्षरता क्लब की सक्रियता की सराहना

कलेक्टर ने महाविद्यालय में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने में ऐसे क्लबों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महाविद्यालय में वर्षभर आयोजित की जाने वाली जागरूकता गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों तथा प्राध्यापकों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच मतदान के महत्व पर भी व्यापक चर्चा आवश्यक है। युवाओं को चाहिए कि वे निर्वाचन आयोग की गतिविधियों, दिशा-निर्देशों एवं मतदान प्रक्रिया में होने वाले बदलावों की जानकारी रखें तथा समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करें।

कलेक्टर ने आगामी नगरीय निकाय निर्वाचन के संदर्भ में भी युवाओं से अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने में स्वीप गतिविधियों तथा निर्वाचन साक्षरता क्लबों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

नवीन मतदाताओं को प्रदान की गईं डिजिटल ईपिक की प्रतियां

कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं को डिजिटल मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपिक) की प्रतियां प्रदान की गईं। विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मतदाता पहचान पत्र एवं निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने और अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश कुमार साहू, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती संजू पटेल, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री लोकेश्वर पटेल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।