May 25, 2026

ग्राम नारलगुड़ा में 16 माह बाद भी अधूरे पड़े सीसी रोड और ओपन जिम निर्माण, जनपद सदस्य ने किया स्थल निरीक्षण

खबर शेयर करें

डौंडी ब्लॉक के आदिवासी अंचल अंतर्गत ग्राम नारलगुड़ा में स्वीकृत सीसी रोड एवं ओपन जिम निर्माण कार्य आज भी अधूरे पड़े होने का मामला सामने आया है। क्षेत्र के जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण में अनियमितता व भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नारलगुड़ा में सीसी रोड निर्माण के लिए लगभग 10 लाख रुपये तथा ओपन जिम निर्माण के लिए 14.50 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। बताया जा रहा है कि सरपंच को प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई थी, लेकिन 16 माह बीत जाने के बाद भी दोनों कार्य अधूरे पड़े हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक 14 जनवरी 2025 को ग्राम पंचायत द्वारा ओपन जिम कार्य के लिए “एवन टेंडर्स” के नाम 4,90,000 रुपये तथा सीसी रोड निर्माण कार्य मद से “भारत इंटरप्राइजेस” के नाम 4,85,100 रुपये का भुगतान चेक क्रमांक 091237 एवं 091238 के माध्यम से किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस दिन भुगतान किया गया, उस समय स्थल पर निर्माण सामग्री तक नहीं पहुंची थी।

स्थल निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी ने कहा कि शासन की राशि का सही उपयोग होना चाहिए और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल मंत्री हिंसा राम साहू, राष्ट्रीय मानव अधिकार बालोद के जिला अध्यक्ष राजेश रावते, उपसरपंच मानसिंह दर्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।