February 5, 2026

सनौद धान खरीदी केंद्र में टोकन व्यवस्था से खिलवाड़, प्राधिकृत अधिकारी ने मानी गलती

खबर शेयर करें

बालोद। नगर पंचायत पलारी के सनौद धान खरीदी केंद्र में बड़े स्तर की धांधली के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि किसानों को गुपचुप तरीके से धान खरीदी केंद्र में भेजा गया, जिससे टोकन क्रम प्रभावित हुआ और विवाद की स्थिति बनी।
जानकारी के अनुसार, सनौद धान खरीदी केंद्र में कई किसानों का टोकन आगे की तारीखों का होने के बावजूद उनसे पहले धान उतरवाया जा रहा था। इससे अन्य किसानों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि यह सब प्राधिकृत अधिकारी नंदकुमार साहू के संरक्षण में और कुछ भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं के दबाव में किया गया।


मामले की भनक लगते ही जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के साथ केंद्र पहुंचे। बाद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता भी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। बढ़ते दबाव के बीच प्राधिकृत अधिकारी नंदकुमार साहू ने स्वीकार किया कि नगर पंचायत पलारी स्थित मानस मंच को खाली कराने की नीयत से किसानों को सनौद धान खरीदी केंद्र भेजा गया था। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने का प्रयास किया।


इसके पश्चात जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रभान साहू, डोमेश्वर साहू सहित कार्यकर्ताओं ने गुरूर एसडीएम आर.के. सोनकर को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्राधिकृत अधिकारी पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है, साथ ही इस पूरे प्रकरण में किसानों को दोषमुक्त करने की मांग भी रखी गई है।
धर्म के नाम पर कथित प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।