बालोद। आज के दौर में जहां बच्चे मोबाइल और टीवी की दुनिया में खोते जा रहे हैं, वहीं बालोद में एक छोटी-सी पहल बच्चों को संस्कारों और सकारात्मक सोच से जोड़ने का माध्यम बन रही है। शहर के मधु चौक स्थित Rudra Unisex Salon ने एक अनोखी शुरुआत की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
सैलून संचालक ने 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए मुफ्त हेयर कट की सुविधा शुरू की है। इसके लिए बच्चों को केवल 108 बार “जय श्री राम” लिखकर लाना होता है। खास बात यह है कि अब तक 200 से अधिक बच्चे इस पहल से जुड़ चुके हैं।

छोटे-छोटे बच्चों द्वारा लिखे गए “जय श्री राम” सिर्फ कागज तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके भीतर धैर्य, एकाग्रता और सांस्कृतिक जुड़ाव का भाव भी पैदा कर रहे हैं। सनातन परंपरा में 108 अंक का विशेष महत्व माना जाता है और इसी सोच के साथ इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि इससे बच्चे कुछ समय के लिए मोबाइल और स्क्रीन से दूर होकर सकारात्मक गतिविधियों में समय दे रहे हैं। वहीं बच्चों में लिखने की आदत और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता भी बढ़ रही है।
इस पहल से जुड़े उमेश कुमार सेन समाजसेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे पूर्व में बजरंग दल के जिला संयोजक रह चुके हैं और वर्तमान में विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं।
बालोद में यह पहल अब केवल मुफ्त बाल कटवाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि संस्कार और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली प्रेरणादायक मुहिम बनती जा रही है।

More Stories
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान, सुनील शर्मा ने QR कोड और ‘सेल्फी फ्रेम’ से की शुरुआत
कन्या शाला घरघोड़ा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; छात्राओं ने थामा तिरंगा दिया स्वच्छता का संदेश