February 5, 2026

सोमनाथ मंदिर के सहस्राब्दी निर्माण वर्ष पर शिवालय में विधिवत पूजा, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना

खबर शेयर करें

बालोद।
भगवान सोमनाथ मंदिर के सहस्राब्दी निर्माण वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी करहीभदर मंडल के तत्वावधान में पर्रेगुड़ा स्थित भोला पठार शिवालय में विधिवत शिव अभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए भगवान शिव से मंगल कामनाएँ की गईं।
पूजा-अर्चना पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई, जिसमें शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा महामंत्री राकेश छोटू यादव ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुजरात के काठियावाड़ क्षेत्र में समुद्र तट पर स्थित सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जिसका उल्लेख श्रीमद्भागवत एवं स्कंद पुराण में मिलता है।


उन्होंने कहा कि चंद्रदेव (सोम) द्वारा भगवान शिव की आराधना किए जाने के कारण इस ज्योतिर्लिंग का नाम सोमनाथ पड़ा। इतिहास साक्षी है कि इस मंदिर पर महमूद गजनवी सहित कई विदेशी आक्रांताओं ने बार-बार आक्रमण किए, मंदिर को ध्वस्त किया गया, किंतु प्रत्येक बार देशवासियों ने इसे पुनर्निर्मित कर अपनी आस्था और सांस्कृतिक चेतना को जीवंत रखा।
स्वतंत्रता के पश्चात सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कैलाश महा-मेरु प्रसाद शैली में किया गया, जिसमें लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्तमान भव्य मंदिर का राष्ट्र को समर्पण 1 दिसंबर 1995 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा द्वारा किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है, जिसने सदियों की विपत्तियों के बाद भी अपनी दिव्यता और भव्यता बनाए रखी है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दयानंद साहू, दिनेश सिन्हा, प्रदीप साहू, डोमन देवांगन, मालती भुसाखरे, पेमीन साहू, बीरबल भुसाखरे, मनोहर यादव, कमलेश धाकड़, हिंसा राम मांडवी, किशोर सिंघारे, किशोर साहू, पंडित हेमंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।