February 5, 2026

गोंडवाना महासभा का भव्य आयोजन सम्पन्न, कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

खबर शेयर करें

बालोद। गोंडवाना भवन से कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें गली भ्रमण किया गया। इसके पश्चात गोंडवाना ध्वजारोहण कर जिला, ब्लॉक एवं परिक्षेत्र स्तर के पदाधिकारी पूजा में शामिल हुए। बड़ा देव के पुजारी द्वारा गोंडी पद्धति से विधिवत पूजा सम्पन्न कराई गई।

इसके बाद समाज के परिक्षेत्र, सर्कल, ब्लॉक एवं जिला पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पीला चावल, पीला पटका, कोया फूल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। स्वागत भाषण की शुरुआत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेमलाल कुंजन जी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जब समाज समर्पित भाव से समाजसेवा करता है, तब बड़ा देव का आशीर्वाद सदैव बना रहता है और हर कार्य सफल होता है।
उन्होंने बताया कि जिला महासभा का उद्देश्य सालभर की गतिविधियों की जानकारी समाज तक पहुँचाना, पारदर्शिता बनाए रखना तथा महासभा को नियम-पद्धति (सिस्टम) के तहत संचालित करना है। इस वर्ष ग्रामीण स्तर पर महासभा आयोजित कर क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता लाने का प्रयास किया गया। साथ ही उन्होंने आदिवासी समाज की भूमि गैर-आदिवासियों को हस्तांतरित किए जाने के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज पत्राचार व अन्य माध्यमों से इसे रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू की ओर से उपस्थित वैभव साहू ने कहा कि आदिवासी समाज की प्राकृतिक पूजा पद्धति, उसमें उपयोग होने वाली सामग्री और सेवा की विधि को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिला। कोया फूल से सम्मान यह दर्शाता है कि आदिवासी समाज प्रकृति के कितना निकट है। उन्होंने गोंडवाना राज के इतिहास, ग्राम व्यवस्था, तथा कोया बूम पुस्तक का उल्लेख करते हुए समाज का आभार व्यक्त किया।

विशेष अतिथि राकेश यादव जी ने कहा कि जिस समाज में महिलाओं की भागीदारी अधिक होती है, वह समाज निरंतर आगे बढ़ता है। युवाओं को आगे आकर समाज के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सिवनी स्थित गोंडवाना भवन के पास टीना शेड एवं सी-सी-रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा नर्रा में टीना शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शिक्षा, स्व-सहायता समूह, कुटीर एवं ग्राम उद्योग के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक भैया राम सिंहा ने कहा कि आज आदिवासी समाज का युवा जागरूक हो रहा है और अपने हक-अधिकार के लिए आवाज उठा रहा है। बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पढ़े-लिखे युवा जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने समाज के हर सकारात्मक प्रयास में सहयोग का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि सरस्वती टेमारिया जी ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और वेशभूषा से होती है। उन्होंने मधुमक्खी के छत्ते का उदाहरण देते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया तथा बच्चों को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने पर बल दिया।

जिला पंचायत सदस्य सुश्री नीलिमा श्याम ने कहा कि सामाजिक एकता, सामाजिक नियम और विचारों को सुदृढ़ करने के लिए जिला महासभा का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे और सामाजिक गतिविधियों से दूरी पर चिंता जताते हुए समाज से मिलकर सुधार की अपील की।

समापन भाषण में महिला प्रभाग की प्रभाव उपाध्यक्ष मंजू प्रभाकर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज बेटा और बेटी दोनों समान रूप से आगे बढ़ रहे हैं, परंतु बेटों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी वेशभूषा में गीत, रेला-पाटा एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं। अंत में महिला, पुरुष एवं युवाओं ने सामूहिक रेला नृत्य कर कार्यक्रम को उल्लासपूर्ण बनाया।
साथ ही समाज का नाम रोशन करने वाले 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्री यू.आर. गंगराले (प्रदेश उपाध्यक्ष छ.ग. गोंडवाना गोंड महासभा), श्री तुकाराम कोर्राम (अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज, बालोद), श्री मिथलेश नुरुटी (जिला पंचायत सदस्य बालोद), श्री निवेन्द टेकाम ( अध्यक्ष नगर पंचायत डौंडीलोहारा), श्री भोलाराम नेताम (उपाध्यक्ष जनपद पंचायत डौंडी), सुश्री अमृता नेताम (जनपद सदस्य बालोद), श्री तुलेश्वर हिचामी (जनपद सदस्य डौंडी), श्रीमती निशा युवराज साहू ( सरपंच ग्राम पंचायत नर्रा) साथ ही (संरक्षक) श्री उमेंदी राम गंगारेल, श्री टंडन लाल कावरे, (उपाध्यक्ष) श्री सुखचैन नेताम, श्री रघुवर कोड़पा, श्री नेम सिंह ठाकुर , (महासचिव) श्री विजेन्द्र ध्रुव, (सचिव) श्री कृष्ण कुमार ठाकुर, श्री गेंदलाल खुश्याम, (सह सचिव) ओमप्रकाश नेताम (कोषाध्यक्ष) मोती राम उईके, (ऑडिटर) ईश्वर लाल उईके (प्रभाग प्रभारी) दिलीप नागवंशी — मीडिया प्रभारी, नेमसिंह ठाकुर — कर्म.अधि. प्रकोष्ठ अध्यक्ष, नागेश्वर सलाम — अध्यक्ष युवा प्रभाग, शैलेन्द्र कोड़पा — उपाध्यक्ष युवा प्रभाग, जितेश्वरी ठाकुर — अध्यक्ष महिला प्रभाग, मंजू प्रभाकर — उपाध्यक्ष महिला प्रभाग, युवेंद्र ओटी — धर्म एवं संस्कृति प्रभाग जनप्रतिनिधि, विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।