February 5, 2026

24 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार — बालोद पुलिस की बड़ी सफलता

खबर शेयर करें

बालोद।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना डौण्डीलोहारा अंतर्गत ग्राम गुरामी के जंगल में हुई अज्ञात महिला की हत्या के अंधे प्रकरण को बालोद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

घटना में मृतिका की पहचान कमला राजपूत के रूप में की गई। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सायबर सेल टीम एवं थाना डौण्डीलोहारा पुलिस की विशेष भूमिका रही। सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई, वहीं साइबर प्रहरी ग्रुप के माध्यम से मृतिका की पहचान संभव हो सकी।

दिनांक 24.01.2026 को थाना डौण्डीलोहारा को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गुरामी के जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, सायबर सेल, थाना पुलिस एवं डॉग स्क्वाड मौके पर रवाना हुए। घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से निरीक्षण किया गया। विशेषज्ञों की राय के बाद प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाए जाने पर थाना डौण्डीलोहारा में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 19/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का के नेतृत्व में सायबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की विशेष टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान अज्ञात महिला की पहचान हेतु मृतिका का फोटो सभी थाना क्षेत्रों के साइबर प्रहरी ग्रुप में प्रसारित किया गया। जांच में यह महिला थाना बालोद के गुम इंसान क्रमांक 08/2026 में दर्ज कमला राजपूत होना पाई गई। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए संदेही को चिन्हांकित किया।

आरोपी का खुलासा

सायबर सेल द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही नेमीचंद साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि वह मृतिका से पिछले 5–7 वर्षों से प्रेम संबंध में था। दिनांक 16.01.2026 को दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम गुरामी के जंगल घूमने गए थे। वहां विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर मृतिका के साथ मारपीट कर गला दबाया, फिर पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में पत्थरों से ढक दिया।

आरोपी का नाम व पता

नेमीचंद साहू, पिता जंगलू राम साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी तरोद, थाना बालोद, जिला बालोद (छ.ग.)

जप्त सामग्री

  1. 01 नग मोटरसाइकिल
  2. मृतिका का मोबाइल हैंडसेट

विशेष योगदान

उक्त अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने एवं आरोपी की गिरफ्तारी में
थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक श्री मुकेश सिंह,
सायबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य,
प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही,
आरक्षक भोपसिंह साहू, राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश दुबे, पुरन देवांगन, आकाश सोनी, योगेश पटेल, गुलझारी साहू, मिथलेश यादव, रवि गंधर्व, मनीष ठाकुर,
सायबर सेल टीम तथा थाना डौण्डीलोहारा से सउनि अनित राम यादव,
प्रधान आरक्षक लिलेश्वरी देवांगन, बिरेन्द्र साहू, अरविंद यादव,
आरक्षक पूनम खरे, अजय विनोद, धर्मेंद्र सेन, भीष कुमार पीस्दा, भूपेंद्र ठाकुर, बेनी साहू का सराहनीय योगदान रहा।