February 4, 2026

गुण्डरदेही के ग्राम हल्दी में दो दिवसीय मानसगान प्रतियोगिता संपन्न, भक्ति रस में डूबा पूरा गांव

खबर शेयर करें

बालोद।
गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम हल्दी में आयोजित दो दिवसीय मानसगान प्रतियोगिता अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बालोद जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि तारणी चंद्राकर ने मानस मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। राम हमारे कण-कण में समाहित हैं, उनके बिना भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, मर्यादा और संयम के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि मानसगान जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। रामायण की चौपाइयाँ सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं।

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न मानस मंडलियों ने भाग लिया। गायकों ने वाद्य यंत्रों की मधुर धुन पर रामचरितमानस के विविध प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे पूरा हल्दी गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज से आई मानस मंडलियों की प्रस्तुतियों ने निर्णायक मंडल और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं धर्मप्रेमियों की उपस्थिति रही।

आयोजन समिति के सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से लक्ष्मी अशोक साहू (सभापति जिला पंचायत बालोद), कांति सोनेश्री (सभापति जिला पंचायत बालोद), अभनी कटहरे (जनपद सदस्य), प्रकाश सिन्हा (मंडल अध्यक्ष), नंद साहू (ग्रामीण अध्यक्ष), भगत बंजारे, थानेश्वर सार्वी, मीरा साहू, ऋषि साहू, योगेश्वर साहू (उद्घोषक) सहित बड़ी संख्या में मानस प्रेमी जनमानस उपस्थित रहे।