बालोद।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत शासन की गाइडलाइन के अनुरूप जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, बोनीफॉस एक्का (उप पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय) एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 28 जनवरी 2026 को बालोद के साप्ताहिक बाजार में “बालोद के रंग” संस्था के कलाकारों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस विभाग एवं लोक निर्माण विभाग बालोद के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग बालोद की कार्यपालन अभियंता पूर्णिमा कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों एवं साप्ताहिक बाजार में आए लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही पाम्पलेट वितरण कर हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के लिए जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत राजहरा में लर्निंग लायसेंस कैम्प का भी आयोजन किया गया, जिसमें राजहरा एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 74 वाहन चालकों ने अपना लर्निंग लायसेंस बनवाया। लर्निंग लायसेंस प्राप्त करने के बाद युवाओं में सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
इसी दिन “यातायात जागरूकता कैलेंडर 2026” का विमोचन पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल द्वारा प्रशासनिक भवनों एवं विभिन्न आवासीय भवनों के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान किया गया।
इस अवसर पर यज्ञदत्त शर्मा, प्रतिभा चौधरी, चेमन देशमुख, प्रीतम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के माध्यम से बालोद पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

More Stories
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ के किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कानमुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला – धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब 5 और 6 फरवरी को भी खुले रहेंगे केंद्र
संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं