“प्रदेश में सरकार नहीं, अधिकारियों का राज चल रहा”
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में निर्वाचित सरकार की जगह अधिकारियों का राज चल रहा है और किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि समय पर किसानों को टोकन नहीं मिले और टोकन मिलने के बाद भी जबरन धान रकबा समर्पण कराया गया। कई जगह किसानों के घरों में जाकर बिना अनुमति धान का भौतिक सत्यापन किया गया और फोटो खींची गई, जो किसानों की निजता का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान जिला होने के बावजूद बालोद को कम धान खरीदी वाले जिलों में दूसरे नंबर पर रखा जाना बेहद चिंताजनक है। बघेल ने सवाल उठाया कि जब एक पूर्व विधायक को भी दिनभर समिति में बैठकर अपना धान बेचने के लिए परेशान होना पड़ा, तो आम किसानों की हालत क्या होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,
“क्या अब धान उगाना अपराध हो गया है? क्या किसान चोर हो गए हैं? जब किसान सड़क पर आंदोलन कर रहे थे, तब मुख्यमंत्री नौका विहार का आनंद ले रहे थे। यह किसानों का खुला अपमान है।”
दल्ली चौक में किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने सरकार से मांग की कि धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जाए और सत्यापन प्रक्रिया को सरल व लचीला बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी वंचित किसानों का धान नहीं खरीदा गया, तो वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस जाएंगे।
भूपेश बघेल ने कहा कि अभी भी समय है, सरकार पोर्टल खोले और किसानों को राहत दे, अन्यथा यह मुद्दा और बड़ा आंदोलन बनेगा।








More Stories
ब्रेकिंग न्यूज मांड नदी में मिली अज्ञात युवक की लाश, इलाके में हड़कंप
छेड़छाड़ का विरोध करने पर लड़कियों से मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा को सरपंचों ने दी जन्मदिन की बधाई, सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ सम्मान