February 10, 2026

बालोद में मंदिर चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; 3,666 रुपये नकद बरामद

खबर शेयर करें

बालोद।
बालोद जिले में मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बालोद एवं गुरूर क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकद राशि 3,666 रुपये बरामद की गई है। आरोपी पूर्व में भी मंदिर चोरी सहित कई मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में मंदिरों व घरों में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई तथा साइबर सेल बालोद के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान ग्राम तमोरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर, ग्राम तमोरा के श्रीराम मंदिर एवं ग्राम परसौदा स्थित शनि मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम निपानी, थाना व जिला बालोद के रूप में हुई है।

प्रकरण के अनुसार 4 फरवरी 2026 की रात अज्ञात आरोपी ने ग्राम तमोरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से लगभग 5,000 रुपये चोरी किए। उसी रात ग्राम तमोरा स्थित श्रीराम मंदिर में दीवार फांदकर प्रवेश कर दान पेटी से करीब 7,000 रुपये की चोरी की गई। इसके अलावा 5–6 फरवरी की रात ग्राम परसौदा स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से लगभग 3,000 रुपये चोरी किए गए थे। इन घटनाओं पर प्रार्थियों की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी महेश यादव को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकद राशि 3,666 रुपये बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं मंदिरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं, जिससे इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आरोपियों को शीघ्र पकड़ने में पुलिस को सहायता मिल सके। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।