February 5, 2026

दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल रमन डेका ने युवाओं को दिया सेवा और नेतृत्व का संदेश

खबर शेयर करें

बालोद।
बालोद जिले के दुधली गांव में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का आज ऐतिहासिक और भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमन डेका ने दीप प्रज्वलन और आकाश में गुब्बारे छोड़कर किया। इस अवसर पर जंबूरी पत्रिका एवं नए बैज का भी विमोचन किया गया।
राज्यपाल श्री डेका ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और नेतृत्व, अनुशासन व सेवा भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है, जो एकता, विविधता और भाईचारे का संदेश देती है।


उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट–गाइड आंदोलन युवाओं को जीवन मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासन से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। रोवर–रेंजर वे युवा हैं, जिनमें समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए कुछ कर दिखाने का जज़्बा होता है। उन्होंने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। देशभर से आए हजारों रोवर–रेंजरों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।


समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए रोवर और रेंजर्स ने आकर्षक मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता की मनमोहक झलक देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय इस राष्ट्रीय जंबूरी में देश के सभी राज्यों के अलावा रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों एवं संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में स्काउट–गाइड अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों की उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बना दिया।