February 5, 2026

दुधली बना राष्ट्रीय एकता का साक्षी, प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का भव्य समापन

खबर शेयर करें


बालोद। भारत स्काउट गाइड द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से जिला मुख्यालय बालोद के सीमांत ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित देश का प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी ऐतिहासिक, भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे रोवर–रेंजर, स्काउट–गाइड्स की सहभागिता से यह जंबूरी पर्वतारोहण, साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत संगम बनी।

जंबूरी के माध्यम से धर्म, जाति, प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की भारत को एकता के सूत्र में पिरोने की परिकल्पना को जमीन पर उतारने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हुआ।

समापन अवसर पर 13 जनवरी को आयोजित विदाई समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. केके खंडेलवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री केपी मिश्रा, उपाध्यक्ष श्री जीपीआर रैना, राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, जिला मुख्य आयुक्त श्री राकेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि दुधली में आयोजित यह जंबूरी केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इतिहास में दर्ज हो चुकी है। देश-विदेश से आए लगभग 15 हजार रोवर–रेंजर्स ने भारत की एकता, विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जंबूरी के दौरान युवाओं को प्रशिक्षण, सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का जो अनुभव मिला, वह उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों के रोवर–रेंजर्स द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने समापन समारोह को यादगार बना दिया। जंबूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान को चीफ कमिश्नर अवॉर्ड (स्काउट), हरियाणा को कमिश्नर अवॉर्ड (गाइड) तथा उत्तर प्रदेश राज्य को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।

भारत स्काउट गाइड की निदेशक श्रीमती दर्शना पावस्कर ने स्वागत भाषण में जंबूरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करता है और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता है।

समापन अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती का उल्लेख करते हुए युवाओं से आत्मसंयम, धैर्य, साहस और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने युवाओं के दम पर आत्मनिर्भर बन रहा है और आने वाले समय में भारतीय युवा विश्व का नेतृत्व करेंगे।

इस भव्य, विशाल और गरिमामयी प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, आयोजन समिति, भारत स्काउट गाइड एवं सभी सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।