February 5, 2026

सारंगढ़ पुष्पवाटिका में बहन मायावती के 70वें जन्मदिन पर भव्य कार्यक्रम,

खबर शेयर करें

पूर्व विधायक डॉ छबि लाल रात्रे , शंकर जांगड़े, देव कोसले सहित दर्जनों लोगों ने घर वापसी किया ।

सारंगढ़ बिलाईगढ़ – सारँगढ़ स्थित पुष्पवाटिका में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं दलित-पिछड़ा वर्ग की सशक्त आवाज बहन मायावती के 70वें जन्मदिवस के अवसर पर भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने हजारो संख्या में उपस्थित होकर बहन मायावती के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

बसपा प्रदेश प्रभारी अशोक सिद्धार्थ, बसपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टण्डन, पूर्व विधायक इंदु बंजारे, पूर्व विधायक लाल साय खूंटे, ने जैतखंभ का पूजा अर्चना कर के महापुरुषों का तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत किया गया । पूरा वातावरण “बाबा साहब अमर रहे ,बहन जी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बसपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टण्डन, प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला स्थानीय बसपा नेतृत्व द्वारा की गई।


सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्याम टण्डन ने कहा कि बहन मायावती ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय एवं बहुजन समाज के सम्मान के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहते हुए कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और विकास की नई मिसाल पेश की। आज उनका 70वां जन्मदिवस पूरे देश के बहुजन समाज के लिए उत्सव का दिन है।


प्रदेश प्रभारी पूर्व अशोक सांसद सिद्धार्थ ने अपने संबोधन में कहा कि बहन मायावती ही एकमात्र ऐसी नेता हैं जिन्होंने दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को सत्ता में भागीदारी दिलाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में पूर्व विधायक एवं कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिसे राजनीतिक हलकों में बड़ी घटना माना जा रहा है। घर वापसी करने वाले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का बसपा नेतृत्व ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त लोग अब बहुजन समाज पार्टी की ओर लौट रहे हैं।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने बहन मायावती के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक आंदोलन में योगदान और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही संकल्प लिया गया कि बहुजन समाज पार्टी को गांव-गांव, बूथ-बूथ तक मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया तथा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ।