February 5, 2026

सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत बालोद में रक्तदान शिविर का आयोजन, पुलिस अधीक्षक ने किया स्वयं रक्तदान

खबर शेयर करें

बालोद।
सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की त्वरित सहायता एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय बालोद में किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया तथा उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता जीवनरक्षक सिद्ध होती है, विशेषकर गोल्डन ऑवर में पीड़ित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।

यह आयोजन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप, दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक चल रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में किया गया।

रक्तदान शिविर में पुलिस कर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर बालोद जिला गौ रक्षक अध्यक्ष श्री अजय यादव, जो निरंतर समाजसेवा में सक्रिय रहते हैं, ने अपना 48वां रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

बालोद पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इनमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, संयमित गति से वाहन चलाना, रात्रि में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग, मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन न करना, शराब सेवन कर वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने जैसे महत्वपूर्ण संदेश शामिल हैं।

बालोद पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है और इस प्रकार के जनहितकारी आयोजनों के माध्यम से सुरक्षित यातायात एवं मानव सेवा का संदेश लगातार जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।